बैरिया। क्षेत्र के शोभा छपरा गांव में मंगलवार देर शाम दूध लेकर घर लौट रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। शोभा छपरा गांव निवासी गोलू पासवान मंगलवार देर शाम किसी के यहां से दूध खरीदकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही किशन चौधरी ने रास्ते में उसे रोककर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को दी गई तहरीर में गोलू पासवान ने किशन चौधरी पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।