बैरिया। शोभा छपरा में 24 फरवरी को बिजली के तार टूटने से दलजीत टोला के तीन युवकों की मौत के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज दर्जनों युवाओं ने मंगलवार को तहसील पर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यालय में घुसने पर एसडीएम प्रशांत नायक ने तुरंत बाहर जाने का निर्देश दिया, लेकिन युवा अड़ गए और मांगें पूरी नहीं होने तक वहां से जाने से मना कर दिया। एसडीएम ने तुरंत एसएचओ को फोन किया। वहां से जवाब मिला कि नए एसएचओ की तैनाती हुई है, वहीं जाएंगे। पुलिस की तरफ से जवाब नहीं मिलता देख एसडीएम ने सुर बदले और युवाओं की समस्याएं सुनीं। युवाओं ने जर्जर तारों को बदलने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, एनएच के रुके निर्माण को पूरा कराने, जीन बाबा शोभा छपरा बीएसटी बंधा मार्ग, लक्ष्मण छपरा बाबू के डेरा मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की। जिस पर उपजिलाधिकारी ने कहा कि बुधवार से एनएच का काम शुरू होगा। मार्गों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा जाएगा। तारों के मामले में बिजली विभाग के अफसरों से बात की जाएगी। वहीं, युवकों की मौत मामले में मजिस्ट्रेट जांच चल रही है। कोई भी अपना बयान दर्ज करवा सकता है। इस मौके पर सुनील सिंह सोनू, गोविंद कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, आदित्य सिंह, विक्रांत सिंह, गोलू सिंह, वीरेंद्र पासवान आदि रहे।