जयप्रकाश नगर। श्रीपतिपुर (धतूरी टोला) गांव निवासी युवक की बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद युवक के शव को उसके डेरे के पास कीचड़ में फेंक दिया। शुक्रवार तड़के युवक का शव खेत में मिलने पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची दोकटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है। एसपी ने भी मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। बृहस्पतिवार की रात कमलेश बिंद के चचेरे भाई का तिलक था। यहां रात करीब 8 बजे वह खाना खाकर खेत में अपने डेरे पर सोने के लिए चला गया। शुक्रवार की सुबह खेत में शौच के लिए गए लोगों ने देखा कि कमलेश बिन्द मुंह के बल खेत में पड़ा हुआ है। उसे घायल समझ कर गांव के लोग उठाकर ले आए। तभी किसी ने उसकी नब्ज देखकर कहा कि इसकी मौत हो चुकी है। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष मदन पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे। उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। थोड़ी देर बाद पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. उस्मान, फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव मौके पर पहुंच गए। देखने से लग रहा था कि उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया है। मां लालमुनी देवी की तहरीर में अज्ञात लोगों पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कमलेश को दो पुत्र हैं, इसमें एक तेरह वर्ष और दूसरा ग्यारह वर्ष का है। एक पुत्री सात साल की है। पत्नी और मां का रोते रोते बुरा हाल है।