बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव स्थित पोखरे में शनिवार की दोपहर स्नान करते समय एक युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी दिनेश कुमार (24) पुत्र मदन राम शनिवार की दोपहर अपने साथियों के साथ स्नान करने के लिए गांव के नजदीक हरिपुर गांव स्थित पोखरा पर गया था। वहां उसने छलांग लगा दी। जिसके बाद पोखरे में साथियों के साथ तैरते हुए करीब 50 मीटर तक गया था कि गहरे पानी में डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन दिनेश गहरे पानी में डूब गया। युवक के डूबते ही दिनेश के साथी भाग खड़े हुए और गांव में जाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ पोखरे पर जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे सीओ दीप चन्द्र, थानाध्यक्ष अशोक कुमार सहित पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोर की मदद से पोखरे में दिनेश को खोजवाना शुरु किया लेकिन शाम तक युवक नहीं मिला था। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।