बाइक सवार एक साथी जख्मी, दूसरा बाइक वाला युवक मौके से भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
चौकिया मोड़। चौकिया-नगरा मार्ग पर मंगलवार को उभांव थाना क्षेत्र के अवायां गांव स्थित पंचायत भवन के करीब दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। आस पड़ोस के लोग और पुलिस की मदद से घायल को सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे भी रेफर कर दिया। पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
नगरा थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी शिवम वर्मा (18) अपने साथी अभिषेक पांडेय (19) के साथ मंगलवार को एक बाइक पर मालीपुर से बेल्थरारोड की ओर आ रहे थे। अभी वह उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव के ग्राम पंचायत के करीब पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार की बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद शिवम व अभिषेक सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। दूसरा बाइक सवार मौके की स्थिति को भांपते हुए बाइक समेत भगाने में सफल हो गया। घटना की जानकारी होने के बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी सीयर पहुंचाया। चिकित्सक ने शिवम वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रथामिक इलाज के बाद अभिषेक पांडेय की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एसएचओ उभांव राजीव कुमार मिश्र ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।