घोघा। बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 15 में रविवार को नए मकान की दीवार पर पानी डालते समय करंट की चपेट में आने से लवकुश शर्मा (20) की मौत हो गई। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खेवसर गांव निवासी लवकुश शर्मा कारपेंटर का काम करता था। रविवार को वह बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 15 में बन रहे अपने नए मकान की दीवार पर टुल्लू पंप से पानी डाल रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। लवकुश की अभी शादी नहीं हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।