बेल्थरारोड। रेलवे स्टेशन पूर्वी आउटर सिग्नल के आगे मुजौना ग्राम के पास रविवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सुबह रेलवे ट्रैक के निकट से गुजर रहे लोगों ने एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देख शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शव के पास मृतक का छाता और चप्पल पाया गया। आशंका है कि मृतक ने रात में किसी ट्रेन के सामने छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना की जांच में जुट गई।