सहतवार। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरियारपुर में शनिवार की सुबह एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने युवक के शव को नीचे उतार दिया था। घटना की सूचना मिलते ही सीओ बांसडीह और सहतवार पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बरियारपुर निवासी रोहित कुमार (22) पुत्र संजय प्रसाद का शव शनिवार की सुबह करीब 10 बजे घर के अंदर पंखे से लटकता हुआ पाया गया। युवक के शव को परिवार के लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही पंखे से नीचे उतार कर घर के बाहर दरवाजे पर रख दिया था। परिजनों की माने तो रोहित करीब नौ बजे बाहर से घूमकर आया और अपने कमरे को बंद कर पढ़ रहा था। करीब 10 बजे परिजन भोजन करने के लिए दरवाजा खोलवा रहे थे, लेकिन कमरे के अंदर से कोई आहट नहीं मिली। परिजन किसी अनहोनी की आशंका को देख दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखा कि रोहित पंखे से लटक रहा था। उसे नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।