दुकानदारों को बातों में उलझाकर गहने लेकर हुई चंपत
संवाद न्यूज एजेंसी
बेल्थरारोड। नगर के रेलवे चौराहे के निकट स्थित एक सराफा दुकान से संदिग्ध महिला ग्राहकों ने कीमती सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। महिला चोरों ने पहले दुकानदार को उलझाया और फिर कई सोने के झुमकों को मुंह में दबा लिया। साथ ही कुछ सोने के आभूषणों को कपड़ों में छिपाकर चलते बनीं। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
एक अधेड़ महिला और एक युवती ने सर्राफा दुकानदार को महज 20 मिनट में करीब एक लाख 75 हजार का चूना लगा दिया। लगभग 35 ग्राम के सोने के आभूषण समेट कर भाग निकलीं। इस घटना की भनक दुकानदार को भी नहीं लग सकी। घटना के समय दुकानदार सुधीर वर्मा के पिता योगेंद्र प्रसाद मौजूद थे। बाद में जब उनका पुत्र सुधीर वर्मा दुकान पर पहुंचे तो पुराने ग्राहक के आने की बात पिता से सुनकर उन्हें संदेह हुआ।
सीसीटीवी कैमरे को खंगालने पर उनके होश उड़ गए। महिला ने करीब तीन कान के झुमके को मुंह में दबा लिया और सोने के आभूषण से भरे एक पैकेट को अपने कपड़ों में छिपा लिया। दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।