नवानगर। खेजुरी थाना क्षेत्र के अजनेरा गांव में सोमवार की भोर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की मामी ने पुलिस को तहरीर देकर उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
रेनू देवी पुत्री यदुवंशी राजभर निवासी मनियर दियारा टुकड़ा नंबर दो की शादी खेजुरी थाना क्षेत्र के अजनेरा निवासी भीम राजभर पुत्र तिरंगी राजभर के साथ 11 मई 2022 को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। रेनू देवी और भीम राजभर के बीच पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवारों की रजामंदी से शादी हुई।
चार महीने तक संबंध ठीकठाक था। बाद में पति भीम राजभर ने रेनू को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसकी शिकायत रेनू ने अपने परिवार वालों से की। काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला ठंडा पड़ गया लेकिन सोमवार को रेनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेजुरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया उसके शरीर पर चोट के निशान हैं और गर्दन भी सूजा हुआ था। रेनू देवी के पिता यदुवंशी राजभर चुनार में किसी कंपनी में कार्यरत हैं तथा भाई अहमदाबाद में है। ऐसी स्थिति में रेनू देवी की मामी सोनी देवी ने भीम राजभर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए खेजूरी थाने को तहरीर दे दी है। प्रभारी निरीक्षक खेजुरी ने मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर भूषण वर्मा मौके पर पहुंचे। कहा कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।