बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के पिण्डहरा गांव में मंगलवार की देर शाम विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में मृत पाई गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मायकेवालों में दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
गत वर्ष 16 फरवरी को खेजुरी थाना क्षेत्र के बालूपुर निवासी चुन्नू राजभर की पुत्री प्रीति की शादी पिंडहरा निवासी सोनू राजभर से हुई थी। ससुरालवालों के अनुसार मंगलवार की देर शाम उसने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर अंदर फांसी लगा ली। घरवालों को जब इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का पति हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। घटना के संबंध में मृतका का मायकेवालों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है। मृतका के पिता चुन्नू राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल वालों पर अपनी पुत्री को गला दबाकर मारने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के संबंध में इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।