सहतवार। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास 45 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिजनों में कोहराम मचा है।
नगर पंचायत सहतवार के वार्ड नंबर चार निवासी कलावती देवी पत्नी हीरालाल चौहान बकरियों को लेकर स्टेशन की तरफ गई थी। दोपहर 1:10 के अप लोकनायक एक्सप्रेस सहतवार रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। अभी वह सहतवार और बघाव के बीच में ही पहुंची थी कि महिला ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला गूंगी तथा बहरी थी। घटना के समय उसके परिजन बैरियां ईंट भट्टे पर काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की गई। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। दुर्घटना से परिवार में मातम पसरा है।