बैरिया। थाना क्षेत्र के शाहपुर गंगौली निवासी ऋषिकेश तिवारी की कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर गत 14 जून को मौत हो गई थी। मामले में पुलिस महानिदेशक के हस्तक्षेप के बाद बैरिया पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
बैरिया थाना क्षेत्र के शाहपुर गंगौली निवासी ऋषिकेश तिवारी 13 जून को सुरेमनपुर से कानपुर सेंट्रल गए थे। प्लेटफार्म पर उतरने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी अंतिमा तिवारी को फोन कर बताया कि मैं कानपुर स्टेशन पहुंच गया हूं। कुछ देर बाद आराम से बात करूंगा। दो घटे बाद ही कानपुर सेंट्रल के जीआरपी के एसआई धर्मेन्द्र सिंह ने ग्राम प्रधान केहरपुर के प्रधान प्रतिनिधि विजेन्द्र सिंह को फोन कर बताया कि ऋषिकेश तिवारी का शव प्लेटफॉर्म पर मिला है।
सूचना पर परिजन कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचे। परिजनों ने जीआरपी कानपुर सेंट्रल में एफआईआर करानी चाही तो प्रभारी निरीक्षक ने एफआईआर करने से मना कर दिया। अंतिमा तिवारी ने इसकी शिकायत पुलिस महानिदेशक से की। डीजीपी ने उचित माध्यम से एसपी बलिया को जांचकर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बैरिया उस्मान ने मामले की जांच की। जांच के बाद प्रकरण में बैरिया पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है। एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि एफआईआर की विवेचना के लिए रविवार को ही मामला कानपुर सेंट्रल जीआरपी को ट्रांसफर किया जाएगा।