दंपती की मौत के बाद घर के बाहर मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
बलिया जिले के भीमपुरा क्षेत्र के किरिहरापुर ग्राम पंचायत के मौजा नरपतपुर गांव में एक दंपती ने साथ जीने-मरने का वादा निभाया। पति की मौत के बाद पत्नी ने भी 24 घंटे के अंदर ही दम तोड़ दिया। दोनों की अर्थी एक साथ उठी। अंतिम संस्कार भी एक ही चिता पर हुआ। यह दृश्य जिसने भी देखा, सभी की आंखें नम हो गईं।
यह है मामला
भीमपुरा थाना क्षेत्र किरिहरापुर (नरपतपुर ) निवासी राम अवध यादव (77) अपने पुत्र विनोद के साथ आजमगढ़ में रहते थे। हृदयगति रुकने से मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई। मंगलवार की शाम शव पैतृक गांव लाया गया।
पत्नी चंद्रावती देवी (72) को जब पति की मौत हो का पता चला तो वह शोकाकुल हो गईं। परिजन बुधवार को राम अवध का अंतिम संस्कार करने वाले थे। अचानक सुबह पति के वियोग में पत्नी ने भी दम तोड़ दिया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दंपती का अंतिम संस्कार गाजीपुर के गंगा घाट वैकुंठ धाम पर किया गया। दोनों को मुखाग्नि बड़े पुत्र दिनेश यादव ने दी। मृत दंपति के पुत्र विनोद ने बताया कि कर्मकांडी पुरोहितों के निर्देशानुसार दोनों का श्राद्ध कर्म एक साथ किया जाएगा। वैवाहिक जीवन के 55 वर्ष साथ बिताए और एक साथ दुनिया को अलविदा कह गए।