पूर। पकड़ी थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में वृहस्पतिवार की देर शाम पत्नी की विदाई न होने से क्षुब्ध एक युवक ने ससुराल में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे युवक की हालत खराब होने लगी तो ससुरालीजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ससुरालजनों के सहयोग से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पकड़ी गांव निवासी नासिर हुसैन की पुत्री रुखसार बानो की शादी गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव निवासी एकबाल अहमद के पुत्र फिरोज अहमद से हुईं है। रुखसार के परिजनों का कहना है कि फिरोज कोई काम धंधा नहीं करता है और वह बेरोजगार है। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद हुआ था। विवाद के चलते रुखसार करीब एक वर्ष से अपने मायके पकड़ी आकर रहती है। कई बार पति द्वारा विदाई की बात की गई, लेकिन पत्नी द्वारा कोई काम धंधा शुरू करने के बाद ही जाने की बात कही गई।
वृहस्पतिवार को भी फिरोज पत्नी की विदाई कराने के लिए पहुंचा था, लेकिन ससुरालीजनों द्वारा रुखसार को विदा करने से इंकार कर दिया गया। इससे क्षुब्ध होकर उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।