उप्र मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल का कार्य बहिष्कार छठवें दिन भी चलता रहा। शाम को अगले निर्देश तक आंदोलन स्थगित कर दिया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने चेताया कि अगर उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ली गई तो वे स्वास्थ्य भवन लखनऊ पर मंडलवार बेमियादी धरना-प्रदर्शन करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि बलिया जनपद के लिपिकीय संवर्ग के सभी सदस्यों द्वारा धरना कार्यक्रम में भाग लिया जाना है। शनिवार को जनपद के समस्त कार्यालयों के लोगों ने अपने कार्यालयों के कार्य बहिष्कार करते हुए धरने में हिस्सेदारी की। राज्य कर्मचारी संगठन की नेता सत्या सिंह ने चेताया कि किसी भी हालत में कर्मचारियों के हक की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। संगठन के जिलाध्यक्ष दयाशंकर ने भी बहिष्कार में सहयोग देने वाले साथियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर सत्य प्रकाश उपाध्याय, नीरज राय, पीएन मिश्र, प्रदीप, कमलेश्वर श्रीवास्तव, आनंद मिश्र, बृजेश राय, रत्नेश, चंद्रशेखर आदि शामिल रहे। संचालन शशिकांत सिंह ने किया।