बलिया। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी कर ली है। मतदान कार्मिकों के लिए फर्स्ट एड किट तैयार की गई हैं। इन किटों में पैरासिटामोल समेत आठ दवाएं हैं। साथ ही ओआरएस का पाउडर व बैंडेज भी रखे गए हैं।
जनपद में सात विधानसभा क्षेत्र है। बैरिया, बलिया नगर और फेफना विधानसभा लोकसभा सीट बलिया में शामिल है, जबकि बांसडीह, सिकंदरपुर और बेल्थरारोड विधानसभा सलेमपुर लोकसभा में शामिल है। इसके अलावा रसड़ा विधानसभा क्षेत्र घोसी लोकसभा में शामिल हैं।
यहां एक जून को मतदान होगा। करीब 10624 कार्मिक मतदान के लिए लगाए जाएंगे। मतदान के समय तक गर्मी भी चरम पर होगी। ऐसे में चुनाव में लगे कार्मिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 20 हजार फर्स्ट एड किट तैयार की गई हैं, जो पोलिंग पार्टियों को दी जाएंगी। सीएमओ डॉ. विजयपति द्विवेदी ने बताया कि किट में जुकाम, बुखार, सिर दर्द, पेट दर्द से लेकर उल्टी और एंटीबायोटिक दवाएं होंगी। चोट लगने पर लगाने के लिए क्रीम और बैंडेज भी किट में रखे गए हैं। वहीं गर्मी के मद्देनजर ओआरएस पाउडर भी रहेगा।
दवा का नाम मात्रा उपयोग
पैरासिटामोल 10 गोली दर्द बुखार होने पर
डोम्पेरीडोन 10 गोली उल्टी जी मिचलाने पर
डाईसाईक्लोमाइन 10 गोली पेट दर्द होने पर
ओमीप्राजोल 10 कैप्सूल गैस का दर्द होने पर
मेट्रोनीडाजोल 10 गोली दस्त होने पर
ओफ्लाक्सासीन 10 गोली एंटीबायोटिक
ओआरएस 3 पीस उल्टी, दस्त होने पर एक पैकेट एक लीटर पानी के साथ
मोंटीलूकास्ट 10 गोली सर्दी एवं जुकाम होने पर
फेरामाईसीटीन क्रीम 1 पीस घाव व चोट लगने पर
बैंडेज 3 पीस खरोंच आने पर