बैरिया। दलछपरा हाल्ट रेलवे स्टेशन पर ओवर ब्रिज नहीं होने के वजह से रविवार को ट्रेन से कटकर श्रीनगर निवासी रणजीत वर्मा की मौत की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया तथा प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान लोगों ने रेल अधिकारियों व रेलमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि स्टेशन पर लापरवाही के कारण रेलवे प्लेटफार्म संख्या एक से दो पर आने जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज नहीं बना रही है, जिससे आए दिन दुर्घटना हो रही है। ग्रामीणों ने प्लेटफार्म नम्बर दो के उच्चीकरण, फुट ओवरब्रिज तत्काल बनाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में शैलेष वर्मा, मुकेश वर्मा, लालू गुप्ता, बिक्की सिंह, सुबास वर्मा, प्रिंस वर्मा, गोपाल साव, शैलेंद्र मालाकार आदि ने रेलवे के अधिकारियों को चेताया कि तत्काल ओवरब्रिज का निर्माण नहीं कराया गया तो बलिया-छपरा रेलवे ट्रैक को दलछपरा में जाम कर रेलवे का परिचालन रोक देंगे। उन्होंने कहा रणजीत वर्मा की मौत रेलवे के अधिकारियों के लापरवाही के कारण हुई है। इसलिए तत्काल मृतक के परिवार को मुवावजा और परिवार के एक व्यक्ति को रेलवे में नौकरी देने की मांग की। पुलिस के समझाने बुझाने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।