लालगंज । मुरलीछपरा विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) पंकज कुमार गोंड को कार्यों में लापरवाही और लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) आनंद प्रकाश ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें बैरिया विकास खंड मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच हनुमानगंज के बीडीओ को सौंपी गई है। मुरलीछपरा के बीडीओ शकील अख्तर अंसारी ने बताया कि वीडीओ पिछले 10 दिनों से बिना सूचना गायब थे। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री, डेटा कलेक्शन, फैमिली आईडी निर्माण और पंचायत भवनों में सीसीटीवी लगवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरत रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत थी कि अधिकारी पिछले दो महीनों से गांवों का भ्रमण नहीं कर रहे थे और फोन भी नहीं उठाते थे। बीडीओ की इसी रिपोर्ट पर डीडीओ ने यह कार्रवाई की। निलंबित वीडीओ के पास सोनकी भाट, खवासपुर, श्रीपतिपुर और कोड़हरा परिवार का कार्यभार था।