बलिया। जनपद में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है, लेकिन विजयादशमी के दिन केवल नगर के रामलीला मैदान एवं रेवती के दो स्थानों पर ही दशानन रावण का पुतला दहन किया गया। जबकि शेष स्थानों पर अलग-अलग तिथियों पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी मात्रा में फोर्स मौजूद रहेगी। नगर के रामलीला मैदान, भृगु आश्रम और कदम चौराहे पर श्रीरामलीला आयोजित होती है। इसके अलावा, छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रसड़ा तथा दुबहर इंटर कालेज के मैदान में श्रीरामलीला आयोजित होती है। नगर के रामलीला मैदान में श्री शुभनगर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला का मंचन इस वर्ष कोरोना के चलते आयोजित नहीं किया गया। इस दौरान समिति द्वारा मंच पर श्रीरामचरित मानस का पाठ किया गया और विजयादशमी के दिन रात में करीब 10 बजे प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और रावण, कुंभकर्ण आदि का पुतला बनाकर रावण और कुंभकर्ण का दहन किया गया। जबकि भृगु आश्रम और कदम चौराहे पर श्रीरामलीला आयोजित नहीं की गई। उधर, छोटी काशी के नाम से प्रसिद्घ रसड़ा की रामलीला इस वर्ष कोरोना के चलते आयोजित नहीं हुआ लेकिन सोमवार की रात रावण का पुतला दहन किया जाएगा। वहीं, दुबहर इंटर कालेज के मैदान में भी इस वर्ष रामलीला आयोजित नहीं की गई। उधर, रेवती नगर में विजयादशमी के दिन बड़ी बाजार स्थित जोड़ा शिव मंदिर तथा काली माता मंदिर मार्ग के पास स्थित समिति के अध्यक्ष विजय केसरी तथा भाजपा नेता अजय शंकर पांडेय कनक के द्वारा रावण पुतला रविवार की देर रात दहन किया गया।