नगरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाने व जबरन बाइक पर बैठाकर भगाने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि उसकी शादी 2016 में इटावा जिला में हुई थी। वह दो वर्ष तक अपने पति के साथ रही, इस बीच एक बच्ची भी पैदा हुई। किसी कारणवश दोनों के बीच का रिश्ता टूट गया तो उसका पति बच्ची को अपने साथ रख लिया और वह अपने माता पिता के घर आ गई। इसी बीच हलधरपुर थाना क्षेत्र के अईलख इमिलिया निवासी युवक उसके घर आने लगा और पीड़िता से शादी करने की बात कहकर उससे संबंध बना लिया। पीड़िता का आरोप है कि युवक के साथ संबंध दो साल से चला आ रहा है। पीड़िता ने तहरीर में लिखा है कि युवक मुझसे कहीं भागने की बात कहता था और संबंध बनाता रहा। बुधवार को पीड़िता बाजार करके घर जा रही थी तभी युवक बाइक लेकर उसे रास्ते में घेर लिया और जबरन बाइक पर बैठाने लगा। पीड़िता ने इनकार करते हुए शादी की बात कही। तभी पीड़िता के दो चाचा उसे पकड़ लिए और गांव में पंचायत होने लगी। युवक मुझसे शादी करने के लिए तैयार हो गया, लेकिन उसके परिजन शादी करने से मना कर दिए। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने फोन कर डॉयल 112 को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को पकड़ कर थाने ले आई। इस बाबत एसओ नगरा दिनेश कुमार पाठक ने बताया कि दोनों पक्ष सुलह के लिए आपस में बात कर रहे हैं। अगर सुलह नहीं हुआ तो तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।