बलिया जिले के 12 निकायों में सभी पार्टियां एक-दूसरे की सूची का इंतजार कर रही हैं। पार्टी टिकट पाने के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गणेश परिक्रमा को मजबूर हैं। इससे मौसम की तरह धीरे-धीरे निकाय चुनाव का पारा भी गर्म होता जा रहा है। अभी तक सिर्फ सपा ने बलिया नगर पालिका से अपने प्रत्याशी की घोषणा की है। वहीं सुभासपा ने भी चार स्थानों से अपने पत्ते खोले हैं। जिले में दो नगर पालिका बलिया और रसड़ा तथा दस नगर पंचायत बैरिया, रेवती, सहतवार, बांसडीह, मनियर, सिकंदरपुर, बेल्थरारोड, नगरा, रतसड़कला और चितबड़ागांव है।
इन निकायों में विभिन्न दलों से अध्यक्ष एवं सभासद के पद पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार टिकट पाने की जुगत में लगे हैं। उन्होंने पार्टी के पास आवेदन भी कर रखा है। अभी तक सपा ने बलिया नगर पालिता और सुभासपा ने चार निकायों से अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। अन्य सीटों पर अभी तक भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपना पत्ता नहीं खोला है। दावेदारों ने संबंधित चारों पार्टियों को अपने आवेदन दे दिया है। दावेदार आवेदन देने के बाद जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं नेताओं की गणेश परिक्रमा कर रहे हैं, वहीं टिकट पाने की उम्मीद में लगातार मतदाताओं से मेलजोल बनाए हुए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व को सभी आवेदन भेजे गए हैं। नामांकन के पूर्व घोषित उम्मीदवारों की सूची जारी हो जाएगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने नगर निकाय में प्रत्याशियों की घोषणा व सूची जारी करने को लेकर बताया कि अभी मंथन चल रहा है। एक दो दिन में सूची जारी हो जाएगी। सपा जिला अध्यक्ष राजमंगल यादव ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व को उम्मीदवारों के आवेदन भेजे गए हैं। जल्द ही सूची जारी होगी।
बसपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भारती ने बताया कि जिले के 12 निकायों से आवेदन आ गए हैं। कहा कि जल्द ही अध्यक्ष व सभासद के प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशांतराज भारत ने कहा कि सभी निकायों में अध्यक्ष व सभासद के लिए आवेदन करने वाले लोगों के नाम पर विचार चल रहा है।