बैरिया। बलिया-छपरा रेलखंड पर रविवार को भी इंटरसिटी एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन सहित दो ट्रेनों का परिचालन दोनों तरह से ठप रहने से यात्रियों को भारी असुविधा हुई। अन्य ट्रेनों को पांच किमी की रफ्तार से सुरेमनपुर व रेवती के बीच कासन पर चलाया गया, जिसके कारण यात्री हलकान दिखे।
लगातार पांचवें दिन भी वाराणसी-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस अप व डाउन, एक पैसेंजर ट्रेन जो छपरा से वाराणसी तक चलती है, उसे कैंसल कर दिया गया। डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस दो घंटे, डाउन पवन एक्सप्रेस चार घंटे, गोंदिया एक्सप्रेस दो घंटे व सरयू यमुना एक्सप्रेस दो घंटे विलंबित रही। हालांकि पांचवें दिन कम ट्रेनों को कैंसल किया गया।
इससे यात्रियों को कुछ राहत मिली। दो ट्रेनों के कैंसल व कुछ ट्रेनों के विलंब से चलने के वजह से सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। स्टेशन से लौटने वाले लोग रेल प्रशासन को भला बुरा कहते सुने गए। सुरेमनपुर के स्टेशन अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया कि पांचवें दिन कुछ राहत यात्रियों द्वारा महसूस की है। सुरेमनपुर से रेवती के बीच डबल लाइन का काम 28 फरवरी तक चलेगा। इस बीच यात्रियों को परेशान होना पड़ सकता है।