बैरिया। चोरी कर ट्रैक्टर-ट्राली तथा दो स्कॉर्पियो बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे दो वाहन चोरों को पुलिस ने बैरिया के रविदास मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। चोरों के दो साथी मौके से भाग गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के बाद चालान कर दिया।
एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि बुधवार की रात में बैरिया के लीला छपरा निवासी सुशील कुमार गुप्त की ट्रैक्टर ट्राली चोरी हो गई। पुलिस की ानबीन में बैरिया के रविदास मंदिर के पास से पवन यादव निवासी सेमरिया थाना रिविलगंज जिला छपरा को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ पर उसने बताया कि उसका एक साथी राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर जिन्न बाबा के स्थान के पास दो स्कॉर्पियो के लिए ग्राहक खोजने के लिए आया है। चौकी इंचार्ज बैरिया सुनील सिंह ने राजवीर उर्फ सांभा निवासी फतेहपुर सरैया थाना मांझी जिला छपरा बिहार को भी गिरफ्तार कर लिया। लेकिन उनके दो साथी विकास यादव निवासी गोरिया छपरा थाना रिविलगंज जिला छपरा व बिहारी यादव निवासी सेमरिया थाना रिविलगंज जिला छपरा बिहार भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मांझी घाट के निकट एक बाग से ट्रैक्टर ट्राली व दो स्कॉर्पियो बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के ट्रैक्टर कोईलवर लाल बालू में चलाते हैं।