बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के नहर कॉलोनी के पास कुछ लोगों ने विद्युत कर्मचारी व उनके मित्र को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के चलते चिकित्सक ने विद्युतकर्मी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने एक नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मऊ जिले के बहरीपुर थाना मधुबन निवासी प्रशांत कुमार (28) अवायां विद्युत उपकेंद्र पर एसएसओ पद पर तैनात हैं। शनिवार को वह अपराह्न नहर कॉलोनी स्थित आवास से अपने मित्र दिलीप यादव (23) के साथ बाइक से बाजार जाने के लिए निकले। इस दौरान वहां पहले से मौजूद लोगों ने एसएसओ और उनके मित्र को मारपीट कर घायल कर दिया। सीएचसी से एसएसओ को गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसएचओ विपिन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।