बलिया। जनपद में कोरोना का कहर थमने के बजाय दिन प्रतिदिन और बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण से दो वृद्ध की मौत की पुष्टि हुई है, जिसमें शहर कोतवाली के जगदीशपुर निवासी 77 वर्षीय वृद्ध तथा पंदह ब्लॉक के खड़सरा निवासी 60 वर्षीय वृद्ध शामिल है। जबकि पिछले 386 नए लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में अब तक मरने वालों की कुल संख्या 192 हो गई है। वहीं एक्टिव केस 2993 हैं। जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 2192 है। होम आइसोलेशन में 2330 तथा एल-1 और एल-2 बसंतपुर में 49 मरीजों को भर्ती किया गया है। जबकि शनिवार को 2708 लोगों की जांच की गई। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद ने दी है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर बचाव ही सबसे सरल तरीका है। टीका लगने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग और बार-बार हाथ धोएं एवं मॉस्क लगाएं। कहा कि आपकी लापरवाही भविष्य में भारी पड़ सकती है। उन्होंने आमजनों से अनुरोध किया है कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें और स्वयं एवं अपने पास पड़ोस के लोगों को सुरक्षित रखें।