बैरिया। पचरुखिया से पियरौंटा होते हुए रेवती तक 20 करोड़ की लागत से दो लेन की सड़क बनेगी। इसके लिए सरकार द्वारा धन मंजूर कर दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए विधायक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दो विधानसभा क्षेत्रों में पड़ने के कारण यह सड़क वर्षों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और एक लेन की थी। इसके चलते आवागमन में लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। मैंने लोगों की पीड़ा पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखी थी और उन्होंने मेरे आग्रह को गंभीरतापूर्वक लेते हुए इसके लिए धन स्वीकृत करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रमुख सचिव ने शनिवार को पत्र भेजकर इसकी सूचना दी। विधायक ने बताया कि एक करोड़ की लागत से मंडी समिति द्वारा चार सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी धन स्वीकृत हुआ है। जिसमें सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से बालक बाबा सेतु तक के लिए 24 लाख, टोला फखरू राय मार्ग से सुकरौली तक 11 लाख, गंगापुर से नारायणगढ़ तक 11 लाख व दतहां से झरकटहां तक 36 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। कहा कि उक्त सभी सड़कें तत्काल बनना शुरू हो जाएंगी।