सिकंदरपुर- बेल्थरा मार्ग स्थित तिलौली गांव के समीप रोडवेज बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : BALLIA
सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र में दो हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बलिया-सोनौली राज्यमार्ग स्थित तिलौली गांव के पास मंगलवार की सुबह चार बजे सड़क हादसे में एक व्यक्ति को मौत हो गई। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
देवरिया जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र के भोड़वार से खेजुरी गांव बारात आई थी। बारात में आए पांच लोग कार से अपने घर वापस जा रहे थे। अभी वे तिलौली गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही बेल्थरारोड डिपो की बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी आसपास के लोगों की नींद खुल गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एसएचओ योगेश यादव ने सभी घायलों को अपनी गाड़ी से सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने फागू प्रसाद पुत्र अलगू राम निवासी असांव थाना बनकटा जनपद देवरिया को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अर्जुन निवासी असांव, नितेश गुप्ता और अमित गुप्ता निवासी भोड़वार तथा पंकज निवासी बनकटा देवरिया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के सिवानकला के नेमा के टोला कोल्ड स्टोरेज के पास बाइक सवार दो युवक पुलिया से टकरा गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर लिलकर निवासी रितेश साहनी (27) पुत्र रामनाथ साहनी अपने दोस्त अभिषेक (28) पुत्र सत्यप्रकाश निवासी सिवानकला के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने बाइक से बलिया जा रहा था। अभी वे दोनों कोल्डस्टोरेज के सामने पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बाइक असंतुलित होकर पुलिया से टकरा गई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों युवकों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने रितेश को मृत घोषित कर दिया। अभिषेक की गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही रितेश के परिजन अस्पताल पहुंच गए।