बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के परिसर में हो रहे निर्माण कार्य में जमकर धांधली हो रही है। आलम यह है कि अब तक स्थानीय लोग ही यह आरोप लगाते थे, लेकिन अब मानक को लेकर कार्यदायी संस्था के दो अवर अभियंताओं के बीच विवाद भी हाे रहा है। यह नौबत तब आई जब बीते बृहस्पतिवार को बुकिंग खिड़की के नीचे आरसीसी सड़क के निर्माण में मानक की अनदेखी की जा रही थी। हालांकि बाद में उनके अधिकारियों ने उन्हें चुप कर दिया।
सुरेमनपुर सर्कुलेटिंग एरिया में टिकट खिड़की के सामने आरसीसी सड़क की ढलाई में छह इंच पीसी ढलाई करनी है और नौ इंच बीडीसी ढलाई करनी है। पीसी ढलाई के बाद नौ इंच के बीडीसी ढलाई में गिट्टी के बदले कार्यदाई संस्थान ने ईट बिछाकर ढलाई करना शुरू कर दिया। यह देख वहां मौजूद दूसरे अवर अभियंता ने ढलाई कार्य का वीडियोग्राफी अपने मोबाइल से शुरू कर दिया। ढलाई करने वाला अवर अभियंता वीडियोग्राफी करने वाले अवर अभियंता से उलझ गया और हाथापाई होने लगी। जिसे लोगों ने बीच बचाव कराकर छुड़ाया। इस बाबत जब कार्यवाही संस्था गति शक्ति के सेक्शन इंजीनियर एके श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी हुई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।