बलिया। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क दुर्घटना में ग्राम पंचायत सचिव सहित दो युवक की मौत हो गई। खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदस्यों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जिला अस्पताल में शुभचिंतकों की भारी भीड़ रही। गड़वार थाना के इंदरपुर चट्टी के समीप ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार ग्राम पंचायत सचिव रविशंकर वर्मा (45) की मौके पर मौत हो गई। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के जमालपुर घोरौली निवासी रविशंकर सुबह में घर से बाइक से नगरा ब्लॉक पर डयूटी को जा रहे थे। वह ब्लॉक के पुष्कर गाजियापुर गांव में तैनात थे।
मौत की खबर लगते ही जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर प्रधान, सचिव, सफाइकर्मियों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ रही। जिला पंचायत राज अधिकारी भी मौजूद रहे। मौत की खबर पर पत्नी व अन्य सदस्यों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। अपने पीछे दो लड़की व एक लड़का छोड़ गए हैं।
उधर, गड़वार-सुखपुरा मार्ग के खडीचा मोड़ के समीप रविवार की शाम बाइक के अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट जाने से दुर्गा प्रसाद (30) निवासी हथौज की मौत हो गई। वह बाइक से गड़वार थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में अपनी बहन से मिलने उसके ससुराल जा रहे थे। अभी खड़ीचा मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इससे दुर्गा प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।