शहर कोतवाली पुलिस ने राजधानी रोड पर इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास एसबीआई एटीएम के पास से एटीएम में काला टेप लगाकर रुपये फंसाने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लग्जरी कार, 20500 रुपये व अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
शहर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि चित्तू पांडेय चौराहे पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि बिहार के दो व्यक्ति एटीएम मशीन में पट्टी लगाते हैं। इससे लोगों के रुपये एटीएम मशीन में फंस जाते हैं। राजधानी रोड पर इंडियन आयल पेट्रोल पंप के पास एसबीआई के एटीएम के पास से कार में बैठे दो अभियुक्त छोटू कुमार यादव निवासी चक्की विशेश्वर डेरा थाना ब्रह्मपुर जिला बक्सर बिहार और सुदामा यादव निवासी रावल डेरा थाना कृष्णा ब्रह्म जिला बक्सर बिहार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 20 काली पट्टी, एक चाकू, 20500 रुपये, तीन मोबाइल, छह एटीएम कार्ड आदि बरामद किए गए।