बलिया। रेलवे बोर्ड की ओर से आठ जोड़ी क्लोन विशेष गाड़ियों के संचलन का निर्णय लिया गया है। इनका संचलन 21 सितम्बर 2020 से किया जायेगा। क्लोन विशेष गाड़ियां पूरी तरह से आरक्षित रहेंगी तथा इन गाड़ियों के लिए अग्रिम आरक्षण समय 10 दिन रखा गया है। इन गाड़ियों का किराया हमसफर एक्सप्रेस की तरह होगा। इसमें एक ट्रेन 04055 बलिया-दिल्ली त्रैसाप्ताहिक क्लोन विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को बलिया से 14:10 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 06:25 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 04056 नंबर से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दिल्ली से 18:00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 10:00 बजे बलिया पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में यह ट्रेन गाजीपुर सिटी, जौनपुर, प्रयागराज जंक्शन एवं कानपुर सेण्ट्रल स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में हमसफर एक्सप्रेस का रेक उपयोग में लाया जायेगा। इसमें जनरेटर सह लगेजयान के साथ वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 12 तथा शयनयान श्रेणी के 04 कोच सहित कुल 18 कोच लगाये जाएंगे।