सुखपुरा। सुखपुरा-शिवपुर मार्ग पर भंवरपुर के आगे पीला बाबा की परती के समीप रविवार को दोपहर में ट्रैक्टर के पलटने से उसमें दबकर एक युवक की मौत हो गई। युवक अग्निवीर में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
अपायल गांव निवासी धनजी यादव (20) पुत्र स्व. हरिवंश यादव भंवरपुर के श्रीराम यादव के रोटर लगे ट्रैक्टर को लेकर जुताई और बुआई हेतु शिवपुर की तरफ जा रहा था। पीला बाबा की परती के समीप पहुंचने पर बड़े गड्ढे में ट्रैक्टर का एक हिस्सा पड़ गया। इससे ट्रैक्टर पलट गया। इसमें धनजी यादव दब गया। ट्रैक्टर पर बैठे अन्य युवक कूदकर भाग गए। बाद में समीप के लोगों ने ट्रैक्टर उठाकर युवक को निकाला तो वह गंभीर रूप से जख्मी हालत में बेहोश पड़ा था।
उसे लेकर परिजन और पड़ोसी जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अग्निवीर में भर्ती होने की महीनों से तैयारी कर रहा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी थानाध्यक्ष बांक बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।