बैरिया। उत्तरी दियरांचल के गोपालनगर टाड़ी में मंगलवार को रातभर सरयू नदी की लहरों ने जमकर कटान किया। 14 घंटे में तीन पक्के मकान, 75 एकड़ उपजाऊ भूमि नदी में समा गई। रातभर तबाही मचाने के बाद बुधवार को सुबह 10 बजे के बाद कटान रुका।
शुकई यादव, शोभन यादव व शत्रुघ्न यादव के पक्के मकान सहित एक 100 वर्ष पुराना पीपल का पेड़ सरयू नदी में बह गया। वहीं, गोरख यादव, हलिमत यादव, हंसराज यादव, लालमोहर यादव, माधव यादव, छपित यादव व राजपति यादव, मुखराम यादव, गणेश यादव, महेश यादव, शिवजी यादव के मकान से सरयू नदी की लहरें टकरा रही हैं। गोपालनगर टाड़ी में कटान का नजारा देख शिवाल स्थित सरयू नदी के कटान के मुहाने पर रहने वाले कटान पीड़ित सहमे हैं।
दियरा वासियों का कहना है कि समय रहते जल्द शासन स्तर से कटान रोकने का माकूल व्यवस्था नहीं किया जाएगा तो वह दिन दूर नहीं जब गोपालनगर, शिवाल मठिया, मानगढ़, बशिष्ठ नगर, बकुलहा, चांद दीयर, फतेयराय का टोला आदि गांव सहित पूरा दियरा क्षेत्र नदी में विलीन हो जाएगा। मौके पर लेखपाल राजू यादव, मनोज यादव मौजूद है। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि कटान के मुहाने पर जो लोग है उन्हें पहले ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।