बलिया। नगरपालिका में जून 2019 के बाद अब तक हुए सभी भुगतान की जांच पड़ताल के लिए डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। इसके लिए डीएम ने ईओ को संबंधित पत्रावली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जांच टीम में उपजिलाधिकारी सदर, निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता और बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी शामिल हैं। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने जांच टीम से एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है ताकि अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की जा सके।
वर्ष 2019 में नगर पालिका परिषद के बोर्ड की ओर से अध्यक्ष के वित्तीय अधिकार पर रोक लगाया गया था। इस संदर्भ में नगर निकाय की तत्कालीन निदेशक डॉ. काजल ने तत्कालीन डीएम से आख्या तलब की थी। बीते 27 जुलाई को नगर पालिका परिषद के सभासदों ने जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल को पत्र देकर 27 जून 2019 को स्थानीय निकाय की तत्कालीन निदेशक डॉ. काजल की ओर से चेयरमैन के वित्तीय अधिकार सीज करने के बोर्ड के प्रस्ताव की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश पर अमल करने की मांग की थी। इसमें नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर नगरपालिका के चेयरमैन अजय कुमार का वित्तीय अधिकार सीज करने और कृत कार्रवाई से शासन को अवगत कराने का निर्णय हुआ था। इसके अलावा, भाजपा महिला प्रकोष्ठ की मंत्री प्रतिभा त्रिपाठी, सभासद संगीता देवी, संजय कुमार यादव एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार डंपू व अन्य ने भी शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और बोर्ड के प्रस्ताव पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।