बलिया। जनपद में कोरोना का कहर थमने के बजाय दिन प्रतिदिन और बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी व्याक स्तर पर पांव पसार चुका है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में कोरोना ने तीन और लोगों की जान ले ली। इससे जिले में मौत की संख्या दोहरा शतक पार करते हुए 206 हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 176 नए लोग संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं, एक्टिव केस 2833 हैं। स्वस्थ होने वालों की संख्या 2198 है। होम आइसोलेशन में 2438 तथा एल-1 और एल-2 बसंतपुर में 39 मरीजों को भर्ती किया गया है। बृहस्पतिवार को 2818 लोगों की जांच की गई। कोरोना से मरने वालों में गड़वार के कोपवा निवासी 84 वर्षीय वृद्ध, सीयर के चंदायर कला निवासी 55 वर्षीय तथा नगरा के देवरार कला निवासी 55 वर्षीय अधेड़ शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर बचाव ही सबसे सरल तरीका है। टीका लगने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग और बार-बार हाथ धोएं एवं मॉस्क लगाएं। कहा कि आपकी लापरवाही भविष्य में भारी पड़ सकती है। उन्होंने आमजनों से अनुरोध किया है कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें और स्वयं एवं अपने पास पड़ोस के लोगों को सुरक्षित रखें।