नरहीं। सोहांव विकास खंड के कोटवा नारायणपुर स्थित बाबा मुक्तिनाथ मंदिर परिसर में श्रीमुक्तिनाथ मानस सेवा समिति के तत्वावधान में 33वां शिव विवाह महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन बुधवार से आरंभ हो गया। समिति के अध्यक्ष जयशंकर राय ने बताया कि बुधवार को सुबह नौ बजे ब्राह्मणों द्वारा रुद्राभिषेक, शाम को मानस प्रवचन हुआ। वृहस्पतिवार को अखंड रामचरित मानस का पाठ, कीर्तन व जाप का शुभारम्भ और शाम को मानस प्रवचन और शुक्रवार को मानस पाठ, कीर्तन व जाप कि पूर्णाहुति तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-संगीत, दोपहर में 12 बजे से तीन बजे तक होली गीत भरौली कला, कनुवान व कोटवा नारायणपुर के लोगों द्वारा गाई जाएगी। शाम तीन बजे शिव बारात निकलेगी, जिसमें विशाल कलश शोभा यात्रा निकलेगी। इसके उपरांत शिव जी की प्रथम आरती व श्रृंगार आदि के उपरांत शिवविवाह का आयोजन होगा।