बलिया। जिले में आवागमन को दुरुस्त करने के लिए जगह-जगह पुलिया एप्रोच मार्ग निर्माण को लेकर कवायद तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से लगातार इसे लेकर टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अब लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 22-23 में राज्य योजना के तहत मिली स्वीकृति के आधार पर 750 लाख की लागत से तीन पुलिया और अप्रोच का निर्माण कराया जाएगा।
यह पुलिया और अप्रोच झरकटहा, भैंसहा और देवपुर में बनेगा। विभाग ने इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। बैरिया और रेवती क्षेत्र में कई जगह नहरों पर पुलिया के नहीं होने के कारण विभिन्न गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। खासकर किसानों को खेती के लिए नहरों को पार करके संसाधन ले जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती थी।
इन क्षेत्रों में पुलिया निर्माण को लेकर कई बार ग्रामीणों की ओर से आवाज उठाई गई। अब इन पुलियों के बनने की उम्मीद जग गई है। बताया जाता है कि लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की ओर से राज्य योजना सामान्य के तहत बैरिया और रेवती क्षेत्र में 750 लाख की लागत से तीन पुलिया निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। अब विभाग ने इसके निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, टेंडर आवंटन के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। पुलिया निर्माण के लिए नौ माह की समय सीमा तय की गई है। यह भी बताया कि इसी माह टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का निर्धारण कर लिया जाएगा।
तीन पुलिया के निर्माण की स्वीकृति शासन से मिल चुकी है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। - सीपी गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बलिया वृत्त