बलिया। कोतवाली पुलिस ने शहर के काजीपुरा में हुए अशरफ अली हत्याकांड के चौथे दिन रविवार की सुबह तीन आरोपियों को शिवपुर दियर जनेश्वर मिश्रा सेतु के पास से गिरफ्तार किया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 15 जुलाई की शाम काजीपुरा निवासी अशरफ अली को उसके ही सगे भाईयों ने घर पर ही घरेलू भूमि बंटवारे के विवाद में चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी। आरोपी फरार चल रहे थे। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इसके बाद कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा एसओजी टीम संग आरोपियों की तलाश में थे। रविवार को जनेश्वर मिश्रा सेतु के पास से अभियुक्त सोनू उर्फ इरशाद, इजहार निवासीगण काजीपुरा इस्लामाबाद थाना कोतवाली तथा फिरोज निवासी निकरोजपुर थाना भांवरकोल जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।