बांसडीह। तहसील के एक लेखपाल ने उसे दो दिन के भीतर गोली मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस में केस दर्ज कराया है। सहतवार व छोटकी सीरिया गांव के लेखपाल के पद पर तैनात अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके मोबाइल पर शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर गालियां दीं। धमकाते हुए कहा कि तुम्हारी जिंदगी अब खत्म है। दो दिनों के भीतर तहसील परिसर में घुसकर तुम्हें गोली मार दूंगा। दीपावली से पहले तुम्हारी मौत तय है। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, लेखपाल संघ बांसडीह के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने कहा कि आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।