पूर। खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर का रविवार की रात ताला तोड़कर चोरों ने उसमें रखे दो इनवर्टर बैट्री, यूपीएस, स्टेबलाइजर और तीन साउंड मशीन उठा ले गए। मंदिर समिति के अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।
मंदिर समिति के सदस्य जितेंद्र सोमवार की सुबह मंदिर की साफ सफाई करने वहां पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा देख अवाक रह गए। उन्होंने घटना की सूचना अन्य सदस्यों को दी। सूचना पर पहुंचे सदस्यों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और जानकारी ली। मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय कुमार ने थाने में लिखित तहरीर देकर मामले के खुलासा की मांग की है।
बताया कि इसके पूर्व भी मंदिर में चोरी की दो बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन किसी का भी खुलासा नहीं किया गया। शायद यही कारण है कि चोरों का हौसला बुलंद हो गया है और वह आए दिन ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उधर, समिति के अन्य सदस्यों रामप्रकाश सिंह, कैलाश सिंह, विनोद सिंह, अभय सिंह, नीरज सिंह, सच्चिदानंद सिंह, चमचम सिंह आदि ने कहा कि यदि चोरी का खुलासा नहीं किया गया तो समिति के सदस्य आंदोलन करने को मजबूर होंगे। एसएचओ बीपी पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। मंदिर की सुरक्षा को एक चौकीदार की ड्यूटी लगा दी गई है।