बलिया जिले के बैरिया कस्बा स्थित एक आभूषण की दुकान से ग्राहक बनकर आये दो युवकों ने एक लाख नकदी और महंगे जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। सूचना पर पहुंची पुलिस उचक्कों की तलाश में जुट गई लेकिन कहीं पता नहीं चला। इस घटना को लेकर बाजार के आभूषण कारोबारी स्तब्ध हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। बीबी टोला निवासी प्रदीप कुमार सोनी की आभूषण की दुकान बैरिया फाटक पर स्थित है। रविवार सुबह वह अपने घर से एक लाख रुपये नकद व सोने के करीब 20 ग्राम आभूषण लेकर दुकान में आया। दुकान साइड गली से और सड़क के सामने से खुलती है।
प्रदीप गली की साइड से दुकान का शटर खोला और पैसे व आभूषण रखा झोला रखा। फिर सड़क के सामने वाली शटर को खोलने लगा। शटर का लॉक किसी ने जाम कर दिया था जिससे उठाने में थोड़ा वक्त लगा। इसी दौरान दुकान में घुसे दो युवकों ने गहने व पैसा रखा झोला चुरा लिया।
सीसीटीवी में चोरी करने वाले दो युवक गहने व रुपये रखे झोले को एक बड़े झोले में डालकर दुकान से जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना पर बैरिया चौकी के चौकी इंचार्ज पहुंचे और जांच की। प्रदीप कुमार सोनी बताया कि रुपये महाजन को देने के लिए घर से लाए थे जबकि आभूषण मरम्मत के लिए लाया था। घटना की लिखित तहरीर पीड़ित द्वारा बैरिया थाने में दी गई है।