रतसर(बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के सरभारी खुर्द ( ब्रह्मचारी) गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने गांव निवासी कोटेदार राधेश्याम पांडेय के घर को निशाना बनाया। मध्य रात्रि के आसपास मुख्य चैनल तोड़कर घर में घुसे चोर घर के अंदर सो रहे कोटेदार व उनकी पत्नी के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आराम से आलमारी व बक्शा तोड़कर उसमें रखे जेवर, नकदी व जरूरी कागजात लेकर चंपत हो गए। कोटेदार को पत्नी की नींद टूटने के बाद चोरी की जानकारी हुई। कमरा बाहर से बंद देख पत्नी ने फोन से इसकी सूचना दूसरे कमरे में सो रहे पति को दी। उसने भी अपना कमरा खोलना चाहा तो वह भी बाहर से बंद मिला। फोन से बाहर से लोगों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया। कमरों की स्थिति देख सभी सन्न रह गए। आलमारी व बक्शे टूटे पड़े थे। उनमें रखा जेवर, कीमती सामान व नकदी संग जरूरी कागजात गायब थे। चोरी हो जाने की खबर पीड़ित द्वारा तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने इधर उधर चोरों की तलाश की, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। पीड़ित कोटेदार ने घटना की लिखित तहरीर शनिवार को गड़वार थाने में दी। तहरीर में बताया है कि चोर पंद्रह जोड़ी सोने व चांदी के जेवर, कीमती साड़ी सहित जरूरी कागजात व नकदी भी ले गये है।