सिकन्दरपुर। थाना क्षेत्र के एकसार गांव में शुक्रवार की रात मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए एक व्यक्ति के घर में चोरी कर रहे एक चोर को पकड़कर ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार,थाना क्षेत्र के एकसार गांव निवासी पप्पू वर्मा परिवार के साथ अपने भाई नथुनी वर्मा की पुत्री के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। अभी द्वार पूजा का कार्यक्रम चल ही रहा था कि इसी बीच पप्पू वर्मा के घर में कुछ अज्ञात लोग घुस गए और चोरी की घटना को अंजाम देने लगे।
इसी बीच वहां से गुजर रही एक युवती ने चोरों को देख लिया तथा हो-हल्ला करने लगी। शोर सुनकर मांगलिक कार्यक्रम में पहुंचे सभी ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। इस दौरान चोर वहां से भागने लगे। इसी दौरान उनमें से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। पीड़ित परिवार ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।