बांसडीह। शिक्षा क्षेत्र मनियर के कन्या प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का तीन क्विंटल चावल चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लेने के साथ ही मुड़ियारी निवासी दुकानदार राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का चावल बरामद किया गया। पुलिस चोरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक बांसडीह राकेश सिंह ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सूरज पटेल को सौंपी गई है। कन्या प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्जुन पटेल ने सुल्तानपुर चौकी प्रभारी को तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि सोमवार को कन्या प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर में 7.50 क्विंटल यानी 15 बोरी और प्राथमिक विद्यालय बाजार टोला सुल्तानपुर में 2.50 क्विंटल यानी पांच बोरी, कुल 10 क्विंटल चावल पहुंचा था। बाढ़ का पानी भरने के कारण बाजार टोला विद्यालय का राशन भी कन्या प्राथमिक विद्यालय परिसर में रखा गया था। मंगलवार सुबह विद्यालय खुलने पर कमरे का ताला टूटा मिला। जांच करने पर तीन क्विंटल चावल गायब मिला, जबकि मौके पर 14 बोरी चावल बचा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचकर चोरी का चावल बरामद कर लिया।