लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के गड़ेरिया पुरवा में अपने चचेरी बहन के यहां मुंडन में भाग लेने आया युवक गंगा में डूब गया। मुंडन संस्कार की खुशी मातम में बदल गई। सूचना पर लालगंज चौकी प्रभारी अपने सहयोगी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। शव खोजने का काम शुरू किया। रेवती से आए गोताखोरों ने शव को बरामद कर लिया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के गड़ेरिया पुरवा में शेषनाथ यादव के घर मुंडन था। इसमें भाग लेने के लिए रेवती थाना क्षेत्र के छपरा साहिव कान्ही तुलसी छपरा गांव का युवक दीपक यादव (18) पुत्र वेद प्रकाश यादव चचेरी बहन के यहां आया हुआ था। शुक्रवार को मुंडन संस्कार में भाग लेने के लिए शिवपुर घाट पर पहुंचा।
पूजा कर महिलाओं के साथ वह गंगा उस पार चला गया। महिलाएं उस पार में पूजा करने लगी। इसी बीच एक अन्य युवक के साथ वह निर्माणाधीन पुल के पास नहाने लगा। नहाते समय दोनों लड़के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक लड़के को तो वहां उपस्थित लोगों ने बचा लिया, लेकिन दीपक गहरे पानी में डूब गया।
सूचना पर लालगंज चौकी प्रभारी परमानंद त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। शव को खोजवाने के लिए गोताखोरों को बुलाया। शव रेवती से आए गोताखोरों ने नदी से बाहर निकाला। पुलिस पंचनामा कर शव को अन्त्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।