फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पैक हाउस में शोधन होकर विदेश जाएंगी जिले की सब्जियां

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। जिले में सब्जी की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। सब्जियों काे विदेश में निर्यात करने के लिए परिखरा स्थित मंडी समिति में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से पैक हाउस बनाने की कवायद शुरु हो गई है। पैक हाउस में मौसमी सब्जियों और फलों को वातानुकूलित वातावरण में हाइजेनिक तौर पर शोधन करके देश और विदेश में भेजा जाएगा। इससे न सिर्फ किसानों की आय में इजाफा होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विज्ञापन

एक एकड़ में बनने वाले पैक हाउस के निर्माण का जिम्मा मंडी समिति की निर्माण इकाई को सौंपा गया है और शासन स्तर से इसका डीपीआर भी स्वीकृत हो गया है। इसके तहत, इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब एक करोड़ रुपये और मशीनों आदि को लगाने में करीब छह करोड़ रुपये खर्च किया जाएंगे। पैक हाउस में सब्जियों के शोधन के लिए चिलिंग और कोल्ड रूम बनाया जाएगा। इसमें अलग-अलग तापमान पर सब्जियों को रख कर उनका हाइजेनिक शोधन किया जाएगा।
इसके बाद सब्जियों को कंटेनर से वाराणसी स्थित एयरपोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से हवाई जहाज द्वारा उसे देश और विदेश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाई जाएंगी। इसके लिए पैक हाउस के चारों तरफ सड़क का निर्माण किया जाएगा। ताकि उत्पादक आसानी से अपना उत्पाद वहां पहुंचा सकें।
विज्ञापन


हरी मिर्च और परवल का होगा निर्यात
बलिया। जिले में हरी मिर्च और परवल की खेती बड़े पैमाने पर होती है। इसको देखते हुए शासन ने हरी मिर्च और परवल के निर्यात को प्रमुखता दी है। इसके अलावा हरा मटर, लौकी, करैला, गोभी, भिंडी, तरोई आदि का भी निर्यात किया जाएगा। साथ ही जिले के मौसमी फल मसलन आम और लीची के निर्यात की भी व्यवस्था मंडी समिति द्वारा की जाएगी।


सीएम की घोषणा के बाद शुरू हुआ था काम
बलिया। वर्ष 2022 में जिले में 19 अगस्त यानि बलिया बलिदान दिवस पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले सब्जी उत्पादक किसानों की फसल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने और उनकी आमदनी में बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की थी। इसके बाद ही शासन स्तर इसकी कवायद शुरु हुई थी।

एक लाख परिवार जुड़े हैं सब्जी की खेती से
जिले में गंगा और सरयू के तटवर्ती इलाके में परवल, मटर, लाल मिर्च, गोभी और आलू का उत्पादन अच्छा है। करीब एक लाख परिवार जुड़े हैं, लेकिन कई किसानों को लागत निकालने में तकलीफ होती है। मुट्ठी भर सब्जी उत्पादकों की पहुंच गैर प्रांतों तक है।
000
जिले में सब्जी खेती का रकबा
2043 हेक्टेयर शाकभाजी
8621 हेक्टेयर आलू
3640 हेक्टेयर मटर
1028 हेक्टेयर प्याज
405 हेक्टेयर भिंडी
300 हेक्टेयर परवल
215 हेक्टेयर हरी मिर्च
52 हेक्टेयर करेला
216 हेक्टेयर लौकी
125 हेक्टेयर बैगन
200 हेक्टेयर फूलगोभी
81 हेक्टेयर पत्तागोभी

बलिया सब्जी उत्पादन का हब है। इसे देखते हुए शासन ने पैक हाउस के निर्माण का निर्देश दिया है। इसका डीपीआर स्वीकृत हो गया है। पैक हाउस करीब एक एकड़ में बनेगा और इस पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शीघ ही निर्माण की कवायद शुरु की जाएगी। - इंदल प्रसाद, डिप्टी डायरेक्टर (निर्माण) मंडी समिति, आजमगढ़ मंडल
-
मंडी समिति में पैक हाउस बनाने की दिशा में कार्य काफी तेजी से किया जा रहा है। इससे जनपद के किसानों को अपने उत्पाद को अच्छे दामों पर बेचने की सुविधा मिलेगी। उनकी आय में इजाफा होगा। - रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी, बलिया
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें