हावड़ा दिल्ली रूट पर अति व्यस्त पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से अपहृत बच्चे की बरामदगी और पंजाब मेल और बाड़मेर एक्सप्रेस में हुई चोरी का घटना में माल बरामदगी करने वाली टीम को सिल्वर मेडल दिया गया है। गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस महानिदेशक विजय कुमार की ओर से जीआरपी पीडीडीयू में तैनात निरीक्षक अवधेश कुमार मिश्र, एसआई मुन्नालाल, हेड कांस्टेबल अनिल तिवारी और कांस्टेबल राहुल यादव को सिल्वर मेडल और प्रशस्ति पत्र मिला। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने प्रशस्ति पत्र सौंपा है। यह मेडल 25 सितंबर को पीडीडीयू जंक्शन से बच्चे के गायब होने के दो दिन के भीतर बरामद कर लिया गया। यही नहीं बच्चे का अपहरण करने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह जून माह में बाड़मेर एक्सप्रेस और पंजाब मेल से बड़ी चोरी हुई थी। इस मामले का खुलासा करते हुए जीआरपी ने विदेशी मुद्रा सहित साढ़े चार लाख रुपये नकद बरामद किया था। जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि जवानों को मेहनत का फल मिला है।