बलिया। नगर पालिका के भ्रष्टाचार का शिकार होकर निलंबन की मार झेल रहे ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने प्रमुख सचिव को पत्र प्रेषित कर चेयरमैन और वर्तमान ईओ पर जीवन-निर्वाह भत्ता नहीं देने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की जांच करा कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है। इससे पहले नगर पालिका के कर्मचारियों ने स्थानीय निकाय के निदेशक को पत्र भेजकर ईओ और चेयरमैन पर 15वां राज्यवित्त से नियम विरुद्ध ठेकेदार को भुगतान करने का आरोप लगाया था।
नगर निकाय अनुभाग-4 लखनऊ के प्रमुख सचिव को संबोधित पत्र में निलंबित ईओ ने उल्लेख किया है कि नगर पालिका के अध्यक्ष व उनके अधीनस्थ अधिकारी व कुछ कर्मचारी शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बीते दो माह से जीवन-निर्वाह भत्ता नहीं दे रहे है। उनकी पत्नी किडनी रोग से ग्रसित है और उसका उपचार नई दिल्ली में चल रहा है। आरोप लगाया है कि चेयरमैन के निहित स्वार्थों की पूर्ति में बाधक बनने के कारण मेरे साथ इस प्रकार का कृत्य किया जा रहा है। पत्र की प्रतिलिपि निलंबित ईओ ने जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और अपर आयुक्त आजमगढ़ मंडल को भी प्रेषित की है।
निलंबन आदेश में नहीं है उल्लेख : ईओ
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि निलंबित ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा के निलंबन आदेश में जीवन निर्वाह भत्ता के भुगतान का आदेश नहीं है। इस संबंध में शासन से निर्देश मांगा गया है। निर्देश मिलते ही भुगतान किया जाएगा।