बलिया। जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान एवं जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के समन्वय से राष्ट्रीय खेल दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक वॉलीबाल प्रतियोगिता के खिताब पर स्टेडियम की टीम ने कब्जा जमाया।
शनिवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ने सोहांव को 26-24, 25-20, 21-25, 25-17 से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा पुरस्कार वितरित किया। विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों से कहा कि जीवन में हर मैच को फाइनल मैच की तरह खेलें। खेल जीवन में अनुशासन, सामंजस्य और टीम भावना को विकसित करता है। इसके साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। निर्णायक की भूमिका सच्चिदानंद राय, रामकुमार यादव, मृत्युंजय पाठक, अजितेश सिंह, मोनू पांडेय, विनय यादव, राजबीर सिंह आदि ने निभाई।